जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. महज 4 साल की एक मासूम बच्ची अपनी मां के साथ शादी के समारोह में गई थी, लेकिन रात में अचानक वो गायब हो गई. सुबह तलाशी के दौरान उसकी लास घर से मात्र 300 मीटर दूर जंगल के रास्ते में खून से लथपथ हालत में मिली. पुलिस प्रारंभिक जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जता रही है. यह दर्दनाक घटना जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र की है. बच्ची अपनी मां के साथ रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गई थी. रात 11 से 12 बजे के बीच जब बच्ची अचानक परिवार के नजरों से ओझल हो गई तो परिवार वालों को लगा कि वह आसपास कहीं सो गई होगी. सुबह तक बच्ची नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस और परिजनों ने मिलकर उसे तलाश करना शुरू किया.
खोजबीन के दौरान घर से सिर्फ 300 मीटर पीछे जंगल वाले रास्ते में बच्ची का शव मिला. शव खून से लथपथ था, जिसे देखकर हर कोई सदमे में आ गया. पूरे इलाके में इस घटना की खबर फैलते ही सनसनी फैल गई. लोग आक्रोशित हैं और जल्द से जल्द दोषी को सजा देने की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जौनपुर के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि सुबह 112 पर सूचना मिली थी कि 4 वर्षीय बालिका गुम हो गई है. परिजनों के साथ पुलिस टीम ने तलाशी ली और बच्ची मृत अवस्था में मिली. शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है.
परिजनों ने बताया कि बच्ची रात के समय अचानक गायब हो गई थी. उन्हें लगा था कि वह पड़ोस में कहीं खेल रही या सो रही होगी. लेकिन सुबह तक जब बच्ची नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर पूरे इलाके में छानबीन शुरू कर दी. इस समय जांच तेजी से चल रही है और कई टीमों को काम सौंपा गया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना का जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है जिसके आधार पर आगे की दिशा तय होगी. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो. यह घटना समाज के लिए चेतावनी है कि शादी समारोह जैसे आयोजनों में मासूम बच्चों पर नजर रखना बहुत जरूरी है
