इस राज्य में बनेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, 80 हजार फैंस एक साथ उठा सकेंगे मैच का लुत्फ

Follow Us

बेंगलुरू। भारत में क्रिकेट के प्रति दीवानगी किसी से छिपी नहीं है। दुनिया के सबसे बड़े ‘नरेंद्र मोदी स्टेडियम’ के बाद अब देश को अपना दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेंगलुरु के अनेकल तालुक स्थित सूर्यनगर (फेज-4) में इस महत्वाकांक्षी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की आधारशिला रख दी है। अत्याधुनिक और विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस होने वाले इस भव्य स्टेडियम में एक साथ लगभग 80,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी, जो खेल प्रेमियों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।

यह परियोजना कर्नाटक आवास बोर्ड द्वारा विकसित किए जा रहे एक विशाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का हिस्सा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस पूरे विकास प्रोजेक्ट के लिए लगभग 4,000 एकड़ जमीन का उपयोग किया जाएगा, जिसमें से 75 एकड़ जमीन विशेष रूप से इस भव्य स्टेडियम के निर्माण के लिए आवंटित की गई है, जबकि शेष भूमि पर किसानों और अन्य आवेदकों के लिए हाउसिंग लेआउट व प्लॉट विकसित किए जाएंगे। सीएम ने हाल ही में चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई फैंस की भारी भीड़ और भगदड़ की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि राज्य को सुरक्षित माहौल में बड़े आयोजनों के लिए ऐसे ही मजबूत बुनियादी ढांचे की जरूरत है। हालांकि, वन्यजीव कॉरिडोर के करीब होने के कारण कुछ पर्यावरणविद् और स्थानीय किसान इस प्रोजेक्ट का विरोध भी कर रहे हैं।