अमृतसर में ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के ASI की सरेआम गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहाँ के मजीठा इलाके में आज सुबह तड़के ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) की अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृत पुलिस अधिकारी की पहचान एएसआई जोगा सिंह के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई जोगा सिंह हर रोज की तरह सुबह अपनी स्कूटी से ड्यूटी के लिए निकले थे। वे मजीठा रास्ते पर ही पहुँचे थे कि पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में जोगा सिंह को कई गोलियां लगीं और वे लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घाव इतने गहरे थे कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और हमलावरों सुराग तलाशने के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही दबोच लिया जाएगा।