रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में पेपर लीक के बाद खराब परीक्षा परिणाम और ईयर बैक नियम को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी है। एनएसयूआई PRSU अध्यक्ष पुनेश्वर लहरे के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने आज प्रशासनिक भवन का घेराव कर प्रदर्शन किया और कुलपति से मुलाकात कर 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया। छात्रों का आरोप है कि बीएससी कृषि यूजी पाठ्यक्रम के परीक्षा परिणामों में कई विद्यार्थी मात्र 1-2 अंकों से फेल हो गए हैं, जिससे उनका पूरा साल बर्बाद होने की नौबत आ गई है। इसी के विरोध में छात्र नेताओं और कुलसचिव के बीच तीखी बहस भी हुई।
एनएसयूआई PRSU अध्यक्ष पुनेश्वर लहरे ने कहा कि विश्वविद्यालय फेल-पास और उपस्थिति से संबंधित पूरा डेटा सार्वजनिक करे। विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। परीक्षा मूल्यांकन में पारदर्शिता लाना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है।छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति के समक्ष सभी मांगें रखी हैं और कहा है कि 15 दिनों में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो NSUI और बड़ा उग्र आंदोलन करेगी।
प्रमुख मांगें –
1. प्रभावित विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं की निष्पक्ष पुनः जांच
2. त्रुटियां सुधारकर संशोधित परिणाम जारी करना
3. Year Back नियम समाप्त करना
4. UG विद्यार्थियों के लिए Clearance Exam की व्यवस्था
5. पुनर्मूल्यांकन शुल्क में राहत एवं ग्रेस मार्क्स नियमों में संशोधन
6. फेल-पास परिणामों और उपस्थिति का डेटा सार्वजनिक करना
