भाटापारा। नगर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला ऐतिहासिक श्री अखंड रामनाम सप्ताह समारोह आज 29 अगस्त शनिवार से प्रारंभ होगा। इस वर्ष आयोजन का 88वां वर्ष है। सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत सुबह 6 बजे “जय रघुपति राघव राजाराम, जय पतित पावन सीताराम” के अखंड संकीर्तन के साथ होगी।
श्रीराम नाम का यह संकीर्तन लगातार सात दिनों तक 24 घंटे जारी रहेगा। इसके लिए नगर की 12 कीर्तन मंडलियों को जिम्मेदारी दी गई है, जो प्रतिदिन दो-दो घंटे अखंड रामनाम का संकीर्तन करेंगी। आयोजन का समापन 5 सितंबर शनिवार को होगा। इसी दिन दोपहर में श्री रामसप्ताह मंडप से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा रामसप्ताह मंडप
श्री अखंड रामनाम सप्ताह को लेकर नगर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रामसप्ताह मंडप को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। यहां सात दिनों तक श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के दिव्य दरबार के दर्शन का लाभ मिलेगा। आयोजन में नगर के अलावा विभिन्न ग्रामों से भी कीर्तन मंडलियों के पहुंचने की संभावना है।
नगरवासियों से उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील
समारोह के संयोजक अनिल चांडक ने कहा कि यह पावन आयोजन मंडलियों, व्यवस्थापकों, भक्तों और सदस्यों के सामूहिक सहयोग से प्रतिवर्ष सफलतापूर्वक संपन्न होता है। उन्होंने नगरवासियों से इस वर्ष भी उत्साहपूर्वक अपनी सेवाएं देने और आयोजन में शामिल होकर श्रीराम नाम संकीर्तन का लाभ लेने की अपील की है।उन्होंने कहा कि विभिन्न ग्रामों से आने वाली कीर्तन मंडलियों को निमंत्रण भेजा गया है। यदि किसी मंडली या श्रद्धालु को निमंत्रण पत्र नहीं मिल पाया हो, तब भी वे आयोजन में अवश्य पहुंचे। सभी का स्वागत है। अपनी सेवाएं देकर नगर को कृतार्थ करने और श्रीरामजी की सेवा का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।नगर और पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखने वाले इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। सात दिनों तक नगर रामनाम के संकीर्तन से गूंजायमान रहेगा।
