पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान मुर्शिदाबाद में तनाव, टीएमसी और एयूजेपी समर्थकों में झड़प

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को 152 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है, लेकिन इसी बीच मुर्शिदाबाद जिले के नवादा विधानसभा क्षेत्र से झड़प की खबर सामने आई है। यहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और आम जनता उन्नयन पार्टी (एयूजेपी) के समर्थकों के बीच विवाद हो गया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब एयूजेपी के संस्थापक हुमायूं कबीर मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही स्थानीय लोगों और टीएमसी कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक देखने को मिली। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस के साथ भी हुमायूं कबीर की बहस के वीडियो सामने आए हैं, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। झड़प के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि हुमायूं कबीर उस इलाके का दौरा करने पहुंचे थे, जहां एक दिन पहले क्रूड बम फेंके जाने की घटना हुई थी। इस मामले को लेकर उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर इलाके में तनाव फैलाने के आरोप लगाए। हुमायूं कबीर ने कहा कि वह तब तक इलाके में मौजूद रहेंगे, जब तक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा नहीं हो जाता। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि चुनाव प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।