तेंदूपत्ता संग्राहकों को 10 लाख की सहायता, केदार कश्यप ने बांटे चेक

Follow Us

जगदलपुर। दरभा में हरेली बर्ड फेस्टिवल एवं विश्व हाथी दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा पर जोर दिया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पांच हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। कुल 10 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के साथ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण से प्रदेश के वनवासी, आदिवासी और ग्रामीण परिवारों की आजीविका जुड़ी है। सरकार का प्रयास है कि इन परिवारों को समय पर पारिश्रमिक के साथ जरूरत के समय सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा भी मिले।


Read more:- छत्तीसगढ़ के पहले पर्व हरेली पर सीएम निवास में सजी लोक संस्कृति की जीवंत झांकी


मंत्री ने बताया कि जनवरी से जून 2026 के बीच राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 1,233 मामलों में कुल 17.90 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा रही है। वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11.40 लाख संग्राहकों को 752.86 करोड़ रुपये का संग्रहण पारिश्रमिक ऑनलाइन माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजा जा चुका है। सीधे खाते में भुगतान होने से व्यवस्था में पारदर्शिता बनी है और संग्राहकों को बिना बिचौलिये के उनकी राशि प्राप्त हुई है।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2023 में लाभ अर्जित करने वाली 621 समितियों से जुड़े लगभग 7.14 लाख संग्राहकों को 162.32 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

केदार कश्यप ने कहा कि तेंदूपत्ता छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्रों में रहने वाले लाखों परिवारों की आय का महत्वपूर्ण आधार है। सरकार की प्राथमिकता है कि संग्राहकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ समय पर उपलब्ध हो। राजमोहिनी देवी योजना इसी उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।