पत्नी से संबंध के शक में किराएदार ने मकान मालिक की गला दबाकर हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में पत्नी से कथित संबंध के शक को लेकर मकान मालिक और किराएदार के बीच चल रहा विवाद हत्या तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान किराएदार ने मकान मालिक वेद राम साहू का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मृतक की पहचान ग्राम गनौद निवासी वेद राम साहू (45) के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25) को पकड़ा गया है, जो मूल रूप से ग्राम धमनी भाटापारा, थाना मंदिर हसौद का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, पुरुषोत्तम पिछले एक-दो साल से वेद राम के मकान में किराए पर रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था। इसी दौरान वेद राम को अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच कथित अवैध संबंध होने का शक हुआ। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान पुरुषोत्तम ने वेद राम का गला दबा दिया, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक कुमार झा के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।