मुंबई। साउथ सिनेमा के नेचुरल स्टार नानी अपनी अपकमिंग पैन-इंडिया फिल्म ‘द पैराडाइज’ के साथ बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दशरा’ के बाद नानी और निर्देशक श्रीकांत ओडेला की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के सामने आ रही है। मेकर्स ने फिल्म का टीजर जारी कर दिया है, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू कर दी है। 1 मिनट 42 सेकेंड के टीजर में फिल्म की डार्क कहानी, जबरदस्त एक्शन और नानी का बेहद आक्रामक अवतार देखने को मिल रहा है। टीजर की शुरुआत एक गंभीर वॉयसओवर से होती है, जिसमें जमीन, पहचान और अधिकार को लेकर सवाल उठाए जाते हैं। फिल्म की कहानी 1980 के दशक के सिकंदराबाद की झुग्गी-बस्तियों और वहां रहने वाले शोषित लोगों के संघर्ष पर आधारित है।
फिल्म में नानी ‘जाडल’ नाम के किरदार में नजर आएंगे, जो अन्याय के खिलाफ खड़ा होता है और अपने लोगों के लिए एक बड़े आंदोलन का नेतृत्व करता है। टीजर में नानी का खून से सना चेहरा, अलग लुक और हथियारों के साथ उनका खतरनाक अंदाज दर्शकों को हैरान कर रहा है। ‘द पैराडाइज’ के टीजर की सबसे बड़ी खासियत नानी का बदला हुआ अवतार है। फिल्म में उनका किरदार बेहद हिंसक और दमदार नजर आ रहा है। टीजर के आखिरी सीन ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है, जहां नानी का रौद्र रूप देखने को मिलता है।
फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता राघव जुयाल भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। वह ‘विक्रम मालिक’ नाम के मुख्य विलेन का किरदार निभा रहे हैं। नानी और राघव जुयाल के बीच की टक्कर फिल्म में जबरदस्त एक्शन और रिवेंज ड्रामा का वादा करती है। इसके अलावा मोहन बाबू और कायाडू लोहार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का गाना ‘आया शेर’ पहले ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुका है और सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले सुधाकर चेरुकुरी द्वारा निर्मित यह फिल्म 24 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, अंग्रेजी और स्पेनिश समेत 8 भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।
