मौत बनकर दौड़ा टैंकर: स्कूटी सवार भाई-बहन की दर्दनाक मौत, नाबालिग घायल; NH पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

Follow Us

कटघोरा। कोरबा जिले के पोड़ी बस स्टैंड के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार टैंकर और स्कूटी के बीच हुई जोरदार टक्कर में सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, यह घटना बांगो थाना क्षेत्र की है। कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी और 12 वर्षीय दशरथ गोस्वामी अपने परिवार के एक अन्य नाबालिग विक्की के साथ स्कूटी से सामान लेने गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि बूटी और दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल नाबालिग को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही परिवार के थे। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण यात्री बसों समेत कई वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर प्रदर्शन समाप्त कराया।

तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 25-25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया और पुलिस ने हाईवे पर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।