सुरेश कुमार ठाकुर को मिला श्रेष्ठ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी का सम्मान

Follow Us

राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने किया सम्मानित

भिलाई। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन 24 सितंबर 2026 को पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार, रायपुर में किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित समारोह में इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर, भिलाई के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार ठाकुर को उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी के सम्मान से नवाजा गया।

यह प्रतिष्ठित सम्मान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रदान किया। सम्मान स्वरूप सुरेश कुमार ठाकुर को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार राशि प्रदान की गई। समारोह में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के उप कार्यक्रम सलाहकार डॉ. अशोक कुमार श्रोती तथा छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग की राज्य राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जिला सहकारी बैंक रायपुर के अंशधारी सदस्यों का वार्षिक साधारण सम्मेलन 28 को

सुरेश कुमार ठाकुर को राज्य स्तर पर मिले इस सम्मान से इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर में हर्ष का माहौल है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका मेश्राम ने ठाकुर को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य स्तर पर प्राप्त यह सम्मान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक दायित्व, सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम अधिकारी को मिला यह सम्मान महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा महाविद्यालय परिवार ने सुरेश कुमार ठाकुर की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राज्य स्तरीय सम्मान को महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।