सूरत में कपड़ा कारोबार को मिलेगी नई सुरक्षा: देश का पहला टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन बनाने की मिली मंजूरी

Follow Us

गांधीनगर। देश की टेक्सटाइल राजधानी कहे जाने वाले सूरत के कपड़ा व्यापारियों को जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। गुजरात सरकार ने देश के पहले विशेष टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन की स्थापना को मंजूरी दे दी है। यह थाना खास तौर पर कपड़ा उद्योग से जुड़े अपराधों, व्यापारिक धोखाधड़ी और विवादों की जांच के लिए काम करेगा। करोड़ों रुपये के कपड़ा कारोबार को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से इस विशेष पुलिस स्टेशन की योजना बनाई गई है। सरकार का लक्ष्य है कि, इस परियोजना को अगले एक से दो साल के भीतर शुरू कर दिया जाए। इससे व्यापारियों को कानूनी सहायता और शिकायतों के समाधान के लिए एक समर्पित व्यवस्था मिल सकेगी।

फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही थी। व्यापारियों का कहना है कि, अभी तक कपड़ा कारोबार से जुड़े मामले अलग-अलग थानों में दर्ज होते थे, जिससे जांच में देरी होती थी और एक ही आरोपी से जुड़े कई मामलों की जानकारी जुटाना मुश्किल होता था। नए थाने के शुरू होने के बाद धोखाधड़ी, फर्जी लेनदेन और कारोबारी अपराधों की जांच तेज होने की उम्मीद है। व्यापारियों को भरोसा है कि इससे अपराधियों पर लगाम लगेगी और सूरत के विशाल कपड़ा उद्योग को मजबूत सुरक्षा व्यवस्था मिल पाएगी।