बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर चलती BMW कार में सनरूफ खोलकर युवती के डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। हाईवे पर रील बनाने के दौरान यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करने वाले युवक को चकरभाठा पुलिस ने पकड़ लिया है, वहीं लग्जरी कार भी जब्त कर ली गई है। वायरल वीडियो में देखा गया कि तेज रफ्तार BMW कार में सवार युवती सनरूफ से बाहर निकलकर डांस कर रही थी, जबकि कार हाईवे पर दौड़ रही थी। यह वीडियो इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन क्रमांक CG 10 CA 3999 की पहचान की। पूछताछ में सामने आया कि, कार चालक प्रतीक लूथर (36), निवासी मंगला, बिलासपुर में अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर यह वीडियो बनाया था। वीडियो वायरल होते ही चकरभाठा पुलिस ने वाहन को ट्रेस कर कार्रवाई करते हुए BMW को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यातायात नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार कर ली है। मामले में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, सड़क सुरक्षा नियम तोड़ने और लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, सोशल मीडिया रील और स्टंट के लिए सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ न करें।
