रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ हुई ठगी की घटना ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और कानून व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि अब सत्ताधारी दल के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। सुशील शुक्ला ने आरोप लगाया कि, भाजपा सरकार के दौरान रसूखदार लोगों के नाम पर ठगी और उगाही का खेल तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि, हाल ही में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक लूट का शिकार हुए थे और अब भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ ठगी हो गई।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, जब भाजपा के बड़े नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की स्थिति समझी जा सकती है। इधर, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत द्वारा कथावाचकों को लेकर दिए गए बयान पर भी सियासी घमासान तेज हो गया है। विधायक पुरंदर मिश्रा ने महंत को सलाह देते हुए कहा कि वे देशहित की राजनीति करें और धार्मिक संतों पर टिप्पणी से बचें। इस बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया। सुशील शुक्ला ने कहा कि, कांग्रेस नेताओं को भाजपा से राजनीतिक सीख लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने रामभद्राचार्य पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि धर्म और राजनीति को मिलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
