ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में तेज रफ्तार का एक खौफनाक हादसा सामने आया है। बदलापुर के पास मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर एक बीएमडब्लू (BMW) कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान बदलापुर निवासी योगेश दिघे (26) और रेकेबा जैकब (24) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, योगेश के जन्मदिन के मौके पर तीनों दोस्त BMW कार से निकले थे। कार अंगद चला रहा था, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 251 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें तेज गति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से जन्मदिन की पार्टी का बिल भी मिला है। पुलिस ने बताया कि जिस एक्सप्रेसवे हिस्से पर हादसा हुआ, वह अभी आम लोगों के लिए पूरी तरह शुरू नहीं किया गया था। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
