तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल; चालक गिरफ्तार

Follow Us

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शकरपुर थाना क्षेत्र में विकास मार्ग पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे गीता कॉलोनी कट के पास हुई, जब तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए रात करीब 1:50 बजे मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत हेडगेवार अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान 35 वर्षीय नीरज को मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि नीरज अपने परिवार के साथ कनॉट प्लेस से घर लौट रहे थे। बाइक पर उनकी पत्नी सोनम और दोनों बच्चे भी सवार थे, जो इस हादसे में घायल हो गए हैं और उनका इलाज जारी है। शिकायतकर्ता अनिल कुमार के अनुसार, मारुति सेलेरियो कार ने पैशन बाइक को जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी चालक को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सचिन गुलाटी (45), निवासी सेक्टर-31, नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।