रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित केंद्रीय जेल में रक्षाबंधन के अवसर पर बंदियों को राखी बांधने के लिए विशेष मुलाकात व्यवस्था की गई है।
इसके तहत 28 अगस्त को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक बंदियों की बहनों को जेल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। जेल प्रशासन की ओर से बुधवार को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मुलाकात के लिए आने वाली बहनों को वैध पहचान-पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा।
जांच के बाद ही उन्हें जेल परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एक बंदी से मुलाकात और राखी बांधने के लिए अधिकतम तीन बहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। प्रत्येक बंदी के लिए बहनें अधिकतम 100 ग्राम मिठाई ले जा सकेंगी। मिठाई की जांच के बाद ही उसे अंदर ले जाने की अनुमति दी जाएगी। मिठाई के अलावा किसी अन्य खाद्य सामग्री को जेल के भीतर ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
जेल प्रशासन ने मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और अन्य कीमती सामान जेल के भीतर ले जाने पर भी रोक लगाई है। जेल परिसर में इन सामानों को जमा करने की व्यवस्था नहीं होगी। ऐसे में परिजनों को इन्हें साथ नहीं लाने की सलाह दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर जेल में प्रवेश से पहले महिला कर्मचारियों द्वारा तीन स्तर पर तलाशी ली जा सकती है। केंद्रीय जेल अधीक्षक ने मुलाकात के लिए आने वाले परिजनों से व्यवस्था बनाए रखने और जांच एवं तलाशी प्रक्रिया में जेल प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
