गधहाभाटा से बना सोनपुर: नई पहचान मिलने पर ग्रामीणों में खुशी, उपमुख्यमंत्री ने सौंपी राजपत्र की प्रति

Follow Us

कवर्धा। कबीरधाम जिले के एक गांव की वर्षों पुरानी पहचान अब बदल गई है। पहले गधहाभाटा नाम से जाना जाने वाला यह गांव अब आधिकारिक रूप से सोनपुर कहलाएगा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नाम परिवर्तन की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित किए जाने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गांव का नाम बदलने की लंबे समय से मांग की जा रही थी। ग्रामीणों का कहना था कि गधहाभाटा नाम के कारण उन्हें कई बार उपहास और असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था। सामाजिक कार्यक्रमों, रिश्तों और विशेषकर बच्चों के विवाह संबंधों के दौरान भी उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती थी।

नाम परिवर्तन की खुशी साझा करने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम सोनपुर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपकर नई पहचान मिलने पर बधाई दी। साथ ही गांव के विकास के लिए 7.50 लाख रुपये की विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा भी की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केवल गांव का नाम ही नहीं बदला है, बल्कि अब सोनपुर के विकास की नई शुरुआत भी हो रही है। शासन द्वारा गांव में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

ग्रामीणों ने नाम परिवर्तन को ऐतिहासिक फैसला बताते हुए राज्य सरकार और उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि अब वे गर्व के साथ अपने गांव का नाम सोनपुर बता सकेंगे और नई पहचान के साथ आगे बढ़ेंगे। गांव के नाम परिवर्तन को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया और इसे सम्मान, आत्मविश्वास तथा सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।