नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करीब दो साल बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने जा रही हैं। भारत में शरण लेने के बाद यह उनका पहला मीडिया संवाद होगा, जिसमें वे 5 अगस्त को दिल्ली से वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए संबोधित करेंगी। माना जा रहा है कि इस दौरान वह बांग्लादेश लौटने की संभावनाओं और अपनी राजनीतिक रणनीति को लेकर अहम संकेत दे सकती हैं। यह कार्यक्रम 5 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक मथुरा रोड स्थित सर मार्क टली ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
इसका आयोजन फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया (FCC South Asia) द्वारा किया जा रहा है और इसका सीधा प्रसारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी होगा। इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि यह ठीक उसी तारीख को आयोजित हो रहा है, जब 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना का 15 वर्षों का शासन समाप्त हुआ था और उन्हें बांग्लादेश छोड़कर भारत आना पड़ा था। कार्यक्रम में बांग्लादेश के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व राजनयिक और विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या शेख हसीना अपने संबोधन में बांग्लादेश वापसी की समय-सीमा और भविष्य की राजनीतिक भूमिका को लेकर कोई बड़ा ऐलान करती हैं।
