हरतालिका तीज पर कई ट्रेनें रद्द, मायके जाने वाली तीजहारिनों की बढ़ेगी परेशानी

Follow Us

रायपुर। हरतालिका तीज को लेकर महिलाओं में तैयारियां शुरू हो गई हैं। 14 सितंबर को महिलाएं पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। तीज व्रत से एक दिन पहले छत्तीसगढ़ में कड़ू भात खाने की परंपरा है। इस बार महिलाएं 13 सितंबर को कड़ू भात खाकर तीज व्रत की शुरुआत करेंगी।

तीजा के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके जाती हैं। नजदीकी शहरों में रहने वाली महिलाएं निजी वाहन या बस से आसानी से मायके पहुंच जाती हैं, लेकिन दूर-दराज रहने वाली महिलाओं के लिए ट्रेन प्रमुख साधन है। ऐसे में इस बार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा कई ट्रेनों को रद्द किए जाने से तीजहारिनों की परेशानी बढ़ सकती है।

उरकुरा स्टेशन पर इंटरलॉकिंग कार्य का असर
रायपुर मंडल के उरकुरा स्टेशन से रायपुर स्टोर डिपो के बीच इंटरलॉकिंग और यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जा रहा है। इसके चलते 13 और 14 सितंबर को कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया है, जबकि कुछ का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा।

रायपुर में एक दिन में 10 मामले: 94.50 लाख की शेयर बाजार ठगी से लेकर चाकूबाजी तक

13 सितंबर को ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर
बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर
गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर
बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर
कोरबा-रायपुर पैसेंजर
रायपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पैसेंजर

इसके अलावा झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन पर समाप्त होगी और बिलासपुर से गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। वहीं, गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन से शुरू होगी और बिलासपुर से गोंदिया के बीच रद्द रहेगी।

14 सितंबर को इन ट्रेनों पर असर
14 सितंबर को रायपुर-कोरबा पैसेंजर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-रायपुर पैसेंजर और गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेंगी।
तीजा पर्व पर मायके जाने की तैयारी कर रही महिलाओं और उनके परिवारों के लिए यह बदलाव परेशानी का कारण बन सकता है। ऐसे में यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस और रेलवे की ओर से जारी अपडेट जरूर जांच लें, ताकि आखिरी समय में परेशानी न हो।