रायपुर । राजधानी में 11 सितंबर को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में धोखाधड़ी, चोरी, अवैध शराब और चाकू लेकर लोगों को डराने के कई मामले दर्ज किए गए। सबसे बड़ी घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां शेयर बाजार में निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर एक व्यक्ति से 94 लाख 50 हजार 170 रुपये ठग लिए गए। इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों से दोपहिया वाहन, मोबाइल, नकदी और केबल चोरी के मामले भी सामने आए।
खम्हारडीह में शेयर बाजार के नाम पर 94.50 लाख की ठगी: हाईपाकट, शंकर नगर निवासी विशाल बजाजरिया को आरोपी ने शेयर बाजार के व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा। इसके बाद फोन कर निवेश पर ज्यादा मुनाफे का लालच दिया और अलग-अलग तरीके से कुल 94,50,170 रुपये अपने बताए ट्रेडिंग खाते में जमा करा लिए। रकम वापस नहीं मिलने पर पीडि़त ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318 के तहत मामला दर्ज किया है।
चार जगह दोपहिया वाहन चोरी: पुरानी बस्ती के भाठागांव में शराब दुकान के पास से सुजुकी एक्सेस मोपेड (सीजी 04 टीयूबी/5293), तेलीबांधा के लभांडी से बजाज पल्सर (सीजी 04 एलपी/2261) और खमतराई के गोंदवारा से हीरो स्प्लेंडर (सीजी 04 एमडब्ल्यू/3253) चोरी हो गई। तीनों वाहनों की कुल कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। मुजगहन के तिरेंगा में गार्ड रूम से 8 हजार रुपये का रियलमी मोबाइल और टिकरापारा के संतोषी नगर स्थित दुकान से 55 हजार रुपये नकद चोरी होने की रिपोर्ट भी दर्ज हुई। गंज थाना क्षेत्र में देवेंद्र नगर चौक के पास डिवाइडर से छह नग केबल वायर, कीमत करीब 50 हजार रुपये, चोरी हो गए।
18 किलो गांजे के साथ पकड़ा गया अंतरराज्यीय तस्कर, कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा
अवैध शराब पर भी कार्रवाई: गुढिय़ारी थाना क्षेत्र के गोगांव पानी टंकी के पास एक व्यक्ति को ठेले में अवैध रूप से लोगों को शराब पिलाते पकड़ा गया। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36-सी के तहत मामला दर्ज किया गया। डीडी नगर पुलिस ने डगनिया तालाब के पास एक व्यक्ति के कब्जे से 36 पाव देशी शराब और 200 रुपये बिक्री रकम, कुल कीमत करीब 3,800 रुपये, जब्त की।
चार जगह चाकू लेकर घूमते पकड़े गए: कोतवाली पुलिस ने सप्रे शाला स्कूल रोड और गांधी मैदान के आसपास तीन युवकों को चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित करते पकड़ा। गोलबाजार पुलिस ने डीकेएस अस्पताल के सामने एक युवक को चाकू के साथ गिरफ्तार किया। खम्हारडीह में कचना तालाब और शक्तिनगर श्मशान घाट के पास दो युवकों के खिलाफ भी आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।वहीं टिकरापारा पुलिस ने सरजूबंधा तालाब के पास 1 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
