रायपुर । राजधानी रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और चाकू से हमला करने के सात मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें पुरानी रंजिश, शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पारिवारिक विवाद और पटाखा जलाने की बात को लेकर विवाद होने की घटनाएं शामिल हैं। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।उरला थाना क्षेत्र के ग्राम बेन्द्री में 11 नवंबर को नांदलाल निषाद के साथ जनरज निषाद और राहुल निषाद ने कथित तौर पर बिना किसी कारण विवाद करते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों से मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इसी तरह डीडी नगर थाना क्षेत्र के रोहिणीपुरम गोल चौक के पास 10 नवंबर को पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि सुयश पाठक और उसके साथियों ने वैदर्भ शर्मा के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस मामले में भी पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।धरसींवा थाना क्षेत्र के आरटीओ कार्यालय के पीछे ट्रांसपोर्ट नगर मुख्य मार्ग पर 10 नवंबर की रात शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि भावेश तिवारी ने सौरव राय से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और किसी वस्तु से सौरव तथा उसके साथी पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
धरसींवा बाजार के पास 11 नवंबर को पुरानी रंजिश के चलते किशन निषाद के साथ शंकर साहू और दशरथ साहू ने कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए किसी वस्तु से हमला कर चोट पहुंचाई।खमतराई थाना क्षेत्र के काला मैदान भनपुरी में पटाखा जलाने की बात को लेकर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने ऋषि निषाद और उसके साथियों से कहा कि उन्होंने उनके पिता से पटाखा जलाने की शिकायत क्यों की। इसके बाद आरोपी घर में घुस गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। हाथ-मुक्कों से मारपीट करने के साथ घर में रखे घरेलू सामान में तोडफ़ोड़ भी की। पुलिस ने सुरेश आहूजा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
खमतराई के ही बंजारी नगर रावांभाठा में लड़की भगाने की बात को लेकर प्रेमलाल चंद्राकर के साथ विवाद हुआ। आरोप है कि बाबूलाल और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर चोट पहुंचाई।
टिकरापारा थाना क्षेत्र के डबरी तालाब महादेव मंदिर बोरियाखुर्द में भांजे के साथ गाली-गलौज करने से मना करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। शिकायत के अनुसार, महेंद्र यादव उसके भांजे के साथ विवाद कर रहा था। गणपत साहू ने विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
जुआ खेलते छह आरोपी गिरफ्तार
मारपीट की घटनाओं के साथ ही कोतवाली और खमतराई थाना क्षेत्रों में जुआ खेलने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कोतवाली पुलिस ने नेहरू नगर में 10 नवंबर की शाम जुआ खेलते हुए अमन टांडी, महेश टांडी और एक अन्य व्यक्ति को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 52 ताश पत्ती और 900 रुपये नकद जब्त किए गए।वहीं खमतराई पुलिस ने 11 नवंबर को खमतराई बाजार में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते हुए मोहम्मद इकराम, मोहम्मद इकबाल और दो अन्य आरोपियों को पकड़ा। इनके कब्जे से 52 ताश पत्ती और 600 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों जुआ मामलों में जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। वहीं मारपीट के सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
