डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह का समापन आज, प्रधानमंत्री मोदी होंगे शामिल

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में महान संगीतकार, गायक और साहित्यकार डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री समारोह को संबोधित भी करेंगे।

डॉ. भूपेन हजारिका का जन्म 8 सितंबर 1926 को असम के सदिया में हुआ था। ‘सुधाकंठ और ‘ब्रह्मपुत्र के गायक के नाम से प्रसिद्ध डॉ. हजारिका का असम सहित पूरे देश के सांस्कृतिक इतिहास में विशिष्ट स्थान है। महान गायक, संगीतकार, गीतकार, फिल्मकार और लेखक के रूप में उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से आम लोगों की आकांक्षाओं, भावनाओं और जीवन के अनुभवों को अभिव्यक्ति दी। असम और पूर्वोत्तर भारत की लोक परंपराओं से गहराई से जुड़े उनके संगीत ने भाषाई और भौगोलिक सीमाओं को पार करते हुए इस क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाया।

कलात्मक योगदान के साथ ही डॉ. हजारिका एक संवेदनशील मानवतावादी और सामाजिक विचारक भी थे। उनकी रचनाओं में समानता, मानवीय गरिमा, सामाजिक सद्भाव और विश्व बंधुत्व की भावना प्रमुखता से दिखाई देती है। उन्होंने असम की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ ही भारत की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कृष्ण-सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुन भावुक हुए श्रद्धालु, अश्रुधारा से भीग उठीं आंखें

भारतीय संगीत, सिनेमा और संस्कृति के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। वर्ष 2019 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह की शुरुआत 8 सितंबर 2025 को हुई थी। इस वर्षभर चले आयोजन के माध्यम से संगीत, साहित्य, सिनेमा और सामाजिक जीवन के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। समारोह ने उनके विचारों और आदर्शों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता, उनकी रचनात्मक प्रतिभा के चिरस्थायी आकर्षण तथा मानवता, सामाजिक सद्भाव और विश्व बंधुत्व के संदेश को भी रेखांकित किया।

29 नवंबर को होने वाला समापन समारोह डॉ. हजारिका के बहुआयामी व्यक्तित्व, उनकी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।