रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा और समर्पण के 25 वर्ष—सेवा संकल्प अभियान-2026’ आयोजित किया जा रहा है। इसी सिलसिले में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वर्चुअल बैठक में अभियान की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। बैठक में मंत्री दयालदास बघेल, मंत्री राजेश अग्रवाल, अभियान के संयोजक, सह-संयोजक और अन्य सदस्य शामिल हुए। इस दौरान ‘सेवा की कहानी’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के तहत होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा पर विचार किया गया।
ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, सुशासन और जनकल्याण की यात्रा समाज के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में हुए सकारात्मक बदलावों और जनसेवा से जुड़े अनुभवों को आम लोगों तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से प्रेरणादायक सेवा कार्यों और अनुभवों को सामने लाया जाएगा, जबकि ‘सेवा मेरा योगदान’ के जरिए नागरिकों को जनसेवा से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में दोनों थीम के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों, उनकी कार्ययोजना, जनभागीदारी और प्रभावी संचालन को लेकर भी चर्चा हुई। अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया। बैठक में सेवा और समर्पण की भावना को जनभागीदारी से जोड़ते हुए विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में प्रयासों पर भी चर्चा की गई।

