रायगढ़। जिले के चांदिली थाना क्षेत्र में एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। सड़क किनारे एक काले रंग के बैग में युवती का शव बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर ग्राम खलीगुड़ा के पास हुंडई शोरूम के नजदीक यह बैग मिला था। जांच के दौरान उसके अंदर एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। इस मामले में चांदिली थाना में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। उसकी लंबाई लगभग 160 सेंटीमीटर है और रंग गेहुँआ से गोरा है। महिला ने लाल-हरे रंग का चेकदार नाइट सूट पहन रखा था। पुलिस के अनुसार शव कई दिन पुराना है और दोनों हाथ बंधे हुए मिले हैं।चांदिली थाना प्रभारी ने सभी थानों, चौकियों, जीआरपी और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी महिला के लापता होने की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालने के साथ-साथ मृतका की पहचान के प्रयास में जुटी है।
