रायपुर। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा स्पा सेंटरों का संचालन निर्धारित नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस द्वारा एक बड़ा अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र में चलाए गए इस विशेष आकस्मिक चेकिंग अभियान से स्पा संचालकों में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) श्री राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में की गई। इस संयुक्त टीम में पश्चिम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी सरस्वती नगर, आजाद चौक एवं डी.डी. नगर सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
10 स्पा सेंटरों की गहन जांच, खंगाले गए दस्तावेज
अभियान के दौरान टीम ने कुल 10 स्पा सेंटरों की गहन जांच की। इस सूक्ष्म परीक्षण के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित बिंदुओं पर कड़ाई से जांच की:
0 गतिविधियों की निगरानी: स्पा सेंटरों में संचालित हो रही वर्तमान गतिविधियों का जायजा लिया गया।
0 दस्तावेजों का सत्यापन: कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज और आगंतुकों (विजिटर्स) के रिकॉर्ड रजिस्टर की जांच की गई।
0 सुरक्षा एवं सीसीटीवी: परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया।
0 वैधानिक अभिलेख: शासन द्वारा निर्धारित नियमों, शर्तों और वैधानिक दस्तावेजों का बारीकी से मिलान किया गया ताकि कोई भी अवैध या संदिग्ध गतिविधि न संचालित हो सके।
नियम तोड़ने पर दी गई सख्त कार्रवाई की चेतावनी
“निरीक्षण के दौरान सभी स्पा संचालकों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने सभी आवश्यक अभिलेखों को अपडेट रखें, अनिवार्य रूप से कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन (सत्यापन) कराएं और सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखें।”
पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार के नियमों का उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है, तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी

