बलौदाबाजार-भाटापारा। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के सिंगापुर गांव में कोदवा मार्ग पर स्थित इंद्रा कॉलोनी में एक 52 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजा राम उर्फ चोटी साहू, पिता महत्तर उर्फ बनिया साहू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अज्ञात आरोपी ने भारी पत्थर से चेहरे पर वार कर उसकी जान ले ली।
घटना की सूचना रविवार सुबह पुलिस को मिली। इसके बाद एसडीओपी भाटापारा, भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस, पुलिस सहायता केंद्र निपनिया, एफएसएल और साइबर सेल बलौदाबाजार की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जरूरी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जांच में हत्या की घटना 19 और 20 सितंबर की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान के लिए आसपास के इलाके में जांच कर रही है। फिलहाल मामले में जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने के बाद प्रकरण से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
