कोर्ट के आदेश के बावजूद दृष्टिबाधित छात्र को नहीं मिला दाखिला, स्कूल प्रबंधन पर अतिरिक्त शर्तें लगाने का आरोप

Follow Us

जगदलपुर। न्यायालय से दोबारा प्रवेश देने का आदेश मिलने के बावजूद दृष्टिबाधित छात्र नमन कुमार मंडावी की पढ़ाई अब तक शुरू नहीं हो सकी है। मामला जगदलपुर के आड़ावाल स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय का है। कांकेर जिले के ग्राम लोहत्तर निवासी नमन ने स्कूल प्रबंधन पर दाखिले के नाम पर अतिरिक्त शर्तें थोपने और बार-बार विद्यालय के चक्कर लगवाने का आरोप लगाया है।

नमन के अनुसार, मामला 5 जून 2024 का है। उस समय छात्रावास में भोजन व्यवस्था को लेकर उन्होंने अन्य विद्यार्थियों के साथ जिला प्रशासन से शिकायत की थी। छात्र का आरोप है कि शिकायत के बाद उन पर कर्मचारी को धमकाने और चिकन बिरयानी मंगाने जैसे आरोप लगाए गए। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने उनका स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) जारी कर दिया, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित हो गई।

नमन का दावा है कि इस कार्रवाई से करीब 20 से 25 विद्यार्थी प्रभावित हुए थे। इनमें से पांच विद्यार्थियों को विद्यालय से बाहर किया गया था, जबकि तीन छात्रों ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। नमन के मुताबिक, कानूनी लड़ाई के बाद न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला सुनाते हुए दोबारा प्रवेश देने का आदेश जारी किया।

छात्र और उनकी बड़ी बहन नमिता मंडावी का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बाद जब वे प्रवेश के लिए विद्यालय पहुंचे, तो प्रबंधन ने शपथ पत्र देने और संस्थान की शर्तों वाली नियमावली पर हस्ताक्षर करने को कहा। परिवार का कहना है कि न्यायालय के आदेश में ऐसी किसी अतिरिक्त शर्त का उल्लेख नहीं है। इसके बावजूद उन्हें कई बार विद्यालय बुलाया गया, लेकिन प्रवेश नहीं दिया गया।

नमन ने सवाल उठाया है कि जब न्यायालय उनके पक्ष में आदेश जारी कर चुका है, तो पढ़ाई दोबारा शुरू करने के लिए उन्हें बार-बार विद्यालय के चक्कर क्यों लगाने पड़ रहे हैं। उनकी बहन नमिता मंडावी ने भी प्रशासन से हस्तक्षेप कर न्यायालय के आदेश का पालन कराने और बिना अतिरिक्त बाधा के तत्काल प्रवेश दिलाने की मांग की है। फिलहाल छात्र और उसका परिवार जिला प्रशासन के कदम का इंतजार कर रहा है।