यूपी में 16 नवंबर से शुरू होगी जनगणना की स्वगणना, 30 नवंबर तक घर बैठे भरें परिवार का पूरा ब्योरा

Follow Us

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इसके जरिए लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार और सदस्यों से जुड़ी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे। यह सुविधा 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनगणना का काम करेंगे। प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा के मुताबिक, पहली बार डिजिटल जनगणना में लोगों को स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने का विकल्प दिया गया है। इसका उद्देश्य जनगणना की प्रक्रिया को आसान बनाना और परिवारों का विवरण पहले से डिजिटल रूप में एकत्र करना है। हालांकि, स्वगणना करना अनिवार्य नहीं है। जो लोग ऑनलाइन जानकारी नहीं भरेंगे, उनके घर पहुंचकर गणनाकर्मी विवरण दर्ज करेंगे।

इस पोर्टल पर कर सकेंगे ऑनलाइन स्वगणना
स्वगणना के लिए भारत सरकार ने https://se.census.gov.in पोर्टल उपलब्ध कराया है। सबसे पहले पोर्टल पर जाकर उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। मोबाइल पर आए ओटीपी के जरिए सत्यापन करना होगा। इसके बाद अपनी पसंद की भाषा चुनकर आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अगले चरण में परिवार को अपने निवास स्थान का विवरण देना होगा। इसमें जिला, गांव या शहर, मोहल्ले और आसपास के प्रमुख स्थान की जानकारी भरनी होगी। साथ ही डिजिटल नक्शे पर घर की सही लोकेशन चिह्नित करनी होगी। इसके बाद परिवार और सदस्यों से जुड़े सवालों के जवाब देने होंगे। सभी जानकारियों की जांच करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। प्रक्रिया पूरी होने पर एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) जारी होगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी है।

गणनाकर्मी को देनी होगी SE ID
जब 1 दिसंबर से गणनाकर्मी घर पहुंचेंगे, तब परिवार को अपनी स्वगणना आईडी उपलब्ध करानी होगी। इसके आधार पर गणनाकर्मी पहले से दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे। इससे परिवार को पूरा विवरण दोबारा देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

स्वगणना में पूछे जाएंगे 40 सवाल
जनगणना के दूसरे चरण में परिवार और उसके सदस्यों से संबंधित कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें परिवार के सदस्यों के नाम, उम्र, लिंग, आपसी संबंध, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार, मातृभाषा और दिव्यांगता से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। इसके अलावा जाति और अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारियां भी जुटाई जाएंगी। इसका उद्देश्य देश की आबादी के साथ लोगों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति का आंकड़ा तैयार करना है।

ऐसे पूरी करें स्वगणना की प्रक्रिया
० सबसे पहले https://se.census.gov.in पोर्टल खोलें।
० राज्य के विकल्प में उत्तर प्रदेश चुनें।
० परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
० मोबाइल पर आए OTP से सत्यापन करें।
० अपनी पसंद की भाषा चुनें।
० घर का पता और डिजिटल नक्शे पर लोकेशन दर्ज करें।
० परिवार के सभी सदस्यों से जुड़े 40 सवालों के जवाब भरें।
० सभी जानकारियों की जांच करके फॉर्म सबमिट करें।

मिलने वाली SE ID सुरक्षित रखें और गणनाकर्मी के आने पर उन्हें उपलब्ध कराएं।
इस डिजिटल सुविधा के जरिए लोग घर बैठे अपनी जानकारी जनगणना पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। हालांकि, ऑनलाइन स्वगणना नहीं कराने वाले परिवारों की जानकारी गणनाकर्मी घर पहुंचकर एकत्र करेंगे।