मुंबई। कॉमेडियन समय रैना और अभिनेत्री मेधा शंकर के रिश्ते को लेकर लंबे समय से सोशल मीडिया पर चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच एक वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि दोनों दिसंबर में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। इस खबर के बाद शादी की अटकलों ने जोर पकड़ा, जिस पर अब समय रैना ने अपने खास मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी है।
इंस्टाग्राम स्टोरी पर वायरल हो रही शादी की खबर का जिक्र करते हुए समय रैना ने मेधा शंकर को टैग किया और लिखा कि दिसंबर में उनका इंडिया टूर है, इसलिए शादी को आगे टालना पड़ेगा। उनके इस जवाब को मेधा शंकर ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और हंसने वाले इमोजी लगाए। इसके बाद अभिनेत्री ने एक अन्य पोस्ट के जरिए साफ किया कि दोनों की शादी को लेकर सामने आ रही खबरें बेबुनियाद हैं।

