मुंबई। सलाम-ए-इश्क एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी में है। करीब 19 साल बाद इस चर्चित मल्टीस्टारर रोमांटिक फिल्म के सीक्वल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक निर्देशक निखिल आडवाणी इस फिल्म को फ्रेंचाइजी के रूप में आगे बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सीक्वल में अक्षय कुमार को मुख्य भूमिका के लिए चुना जा सकता है। हालांकि अभी तक फिल्म को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इंडस्ट्री में इसे लेकर काफी उत्साह है।
बताया जा रहा है कि, नई कहानी तीन अलग-अलग कपल्स के इर्द-गिर्द घूमेगी, जिनकी जिंदगी प्यार, किस्मत और रिश्तों की उलझनों से टकराएगी। फिल्म में आधुनिक रिश्तों, कमिटमेंट की परेशानियों, समाज के दबाव और दिल टूटने जैसी भावनाओं को आज के दौर के नजरिए से दिखाया जाएगा। साल 2007 में रिलीज हुई पहली फिल्म में सलमान खान, प्रियंका चोपड़ा, अनिल कपूर, जॉन अब्राहम समेत कई बड़े सितारे नजर आए थे। यह फिल्म हॉलीवुड फिल्म लव एक्चुअली से प्रेरित मानी जाती है। फिलहाल दर्शकों को आधिकारिक घोषणा और फाइनल स्टारकास्ट का इंतजार है।
