लूटकांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी और बाइक बरामद

Follow Us

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कोतवाली पुलिस ने मार्च माह में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुमित सिकदार 16 मार्च की रात लगभग 11:30 बजे उर्दना तिराहा के पास अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहा था, तभी काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे रोककर मारपीट की और उसके पास से रु.7,000 नकद तथा पोको कंपनी का मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

मामले में कोतरारोड़ थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले मोबाइल का उपयोग करने वाले आरोपी आदित्य चौधरी को पकड़ा, जिसने बताया कि उसने मोबाइल आशु बरेठ से मात्र रु.800 में खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने आशु बरेठ और श्याम बरेठ को हिरासत में लिया, जिन्होंने अपने साथी आशीष महंत के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने लूटी गई संपत्ति और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी जब्त कर ली है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी पहले से ही जेल में निरुद्ध है।