नई दिल्ली। सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए राहतभरी खबर है। 27 अप्रैल 2026 को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। सोना 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के नीचे फिसल गया, जबकि चांदी भी कमजोर होकर नीचे आई। कीमतों में इस गिरावट से खासकर शादी सीजन के ग्राहकों के चेहरे खिल उठे हैं। बाजार खुलने के बाद सोने का भाव करीब 1,52,640 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर दिखा, जबकि चांदी 2,43,707 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार करती नजर आई। पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले सोने में 1,100 रुपये से ज्यादा और चांदी में 600 रुपये से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिकी डॉलर की मजबूती, कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव और वैश्विक अनिश्चितताओं का असर कीमती धातुओं पर पड़ रहा है। साथ ही निवेशकों की नजर 29 अप्रैल को होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर टिकी है, जो आगे बाजार की दिशा तय कर सकती है। मध्य-पूर्व में तनाव कम होने की संभावनाओं ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया है। यदि भू-राजनीतिक जोखिम घटते हैं तो सोने की सुरक्षित निवेश मांग पर दबाव बढ़ सकता है। बाजार जानकारों का मानना है कि, आने वाले दिनों में कीमतों में और नरमी दिख सकती है। ऐसे में निवेशक और खरीदार दोनों फिलहाल हर अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं। घरेलू बाजार में भी शहरों के हिसाब से रेट में बदलाव देखा जा रहा है।
