मुंबई। एक्टर और सांसद रवि किशन इन दिनों अपने एक बयान की वजह से सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा में हैं। राज शमानी के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया था कि उनके लिए पैसा ज्यादा मायने रखता है या पहचान। रवि किशन ने बिना देर किए जवाब दिया, “पहचान… मनी फॉलोज माई ब्रदर।” उनका यही जवाब अब सोशल मीडिया पर मीम और शॉर्ट वीडियो का हिस्सा बन गया है। इस वायरल क्लिप को भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट से भी शेयर किया गया, जिसके बाद इसकी पहुंच और बढ़ गई। रवि किशन ने भी इस पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा कि मजबूत पहचान की कीमत पैसे से ज्यादा होती है और दोनों एक-दूसरे से जुड़े जरूर हैं, लेकिन असली महत्व पहचान का है। उन्होंने अपने पोस्ट में लैटिन कहावत ‘पब्लिलियस सिरस’ का भी उल्लेख किया।
वायरल हो रहे इस बयान पर रवि किशन ने हाल ही में एक मीडिया बातचीत में भी मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। अपनी फिल्म ‘मां बहन’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे बार-बार वायरल होने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वह हर बार इंटरनेट पर कैसे वायरल हो जाते हैं। इन दिनों उनके पुराने डांस वीडियो, स्टेज पर परफॉर्मेंस और इंटरव्यू के छोटे-छोटे क्लिप्स भी सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं। प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें तो रवि किशन हाल ही में ‘आर्यभट्ट का जीरो’ में नजर आए हैं, जिसमें हिमांश कोहली, शिल्पा शिंदे और सोनाली ए सजनानी भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा वह जल्द ही ‘खोसला का घोसला 2’ में दिखाई देंगे, जो 2006 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म का सीक्वल है।
