रांची। राजधानी रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के दूसरे दिन एथलीटों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। ट्रैक और फील्ड दोनों ही स्पर्धाओं में देश भर से आए खिलाड़ियों ने न सिर्फ पदक जीते, बल्कि कई दिग्गजों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफिकेशन मार्क भी हासिल किया। प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण पुरुष हाई जंप फाइनल रहा, जहां महाराष्ट्र के सरवेश अनिल कुशारे ने 2.28 मीटर की ऐतिहासिक ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने मीट रिकॉर्ड की बराबरी करने के साथ-साथ 2.22 मीटर का कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालीफिकेशन मार्क भी आसानी से पार कर लिया। इसी स्पर्धा में तमिलनाडु के आदर्श राम ने 2.22 मीटर की छलांग के साथ रजत और कर्नाटक के सुदीप ने कांस्य पदक जीता।
पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल्स) में भी जबरदस्त रोमांच देखने को मिला, जहां तेजस अशोक शिरसे ने 13.50 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में तमिलनाडु की नंदिनी ने 13.24 सेकेंड की तेज रफ्तार के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि ओडिशा की प्रज्ञान प्रसांति साहू को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
फील्ड इवेंट्स की बात करें तो महिलाओं की हैमर थ्रो स्पर्धा में पंजाब की मनप्रीत कौर ने 59.08 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ सोने का तमगा जीता। वहीं, रेलवे की कुलविंदर कौर ने रजत पदक हासिल किया। महिला हेप्टाथलॉन हाई जंप में जेएसडब्ल्यू की पूजा और हरियाणा की खुशी 1.79 मीटर की बराबरी के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहीं। इस पूरी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की गजब की तकनीक और रफ्तार ने यह साबित कर दिया कि भारतीय एथलेटिक्स अब वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छूने के लिए पूरी तरह तैयार है।
