रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से कूटनीतिक अंदाज में ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का पीए (PA) बताकर विधायक को अपने जाल में फंसाया था। उसने फोन पर दावा किया कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद के कारण परेशानी में है। आरोपी ने डीजल भरवाने के नाम पर तत्काल पैसों की मांग की। उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर नितिन नवीन सहित कई बड़े भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें होने के कारण विधायक ने उस पर भरोसा कर लिया और जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए उसके खाते में ₹10,000 ट्रांसफर करवा दिए।
करीब डेढ़ घंटे बाद जब आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की, तो विधायक पुरंदर मिश्रा को शक हुआ। उन्होंने तत्काल नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क किया, जहां पता चला कि इस नाम का कोई व्यक्ति वहां काम ही नहीं करता। ठगी का अहसास होते ही खम्हारडीह थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। रायपुर पुलिस ने मोबाइल नंबर और बैंक खातों के तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को ओडिशा में दबोच लिया। इस घटना के बाद विधायक ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बिना सत्यापन के आर्थिक लेनदेन न करें। गौरतलब है कि रायपुर में वीआईपी को निशाना बनाने का यह दूसरा मामला है; इससे पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक भी मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो चुके हैं, जिसके आरोपी को पुलिस ने 8 घंटे में पकड़ लिया था।
