रायपुर। गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में यात्रियों की होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। दक्षिण मध्य रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के समन्वय से दो जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिससे बिहार, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु के यात्रियों को सीधे तौर पर बड़ी राहत मिलेगी। पहली गाड़ी संख्या 07089 चर्लापल्ली-दानापुर स्पेशल ट्रेन बुधवार, 27 मई 2026 को दोपहर 1:00 बजे चर्लापल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों जैसे चांदाफोर्ट (शाम 8:10 बजे), गोंदिया (रात 11:45 बजे), बालाघाट (रात 12:40 बजे) और नैनपुर (रात 2:20 बजे) होते हुए अगले दिन रात 11:55 बजे दानापुर पहुंचेगी। यात्रियों की सहूलियत के लिए इस ट्रेन में 3 एसी टू टियर, 5 एसी थ्री टियर और 10 स्लीपर समेत कुल 24 आईसीएफ (ICF) कोच लगाए गए हैं।
इसी कड़ी में रेलवे ने बिलासपुर से पोत्तनूर के बीच भी एकतरफा समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 08201 बिलासपुर-पोत्तनूर स्पेशल ट्रेन गुरुवार, 28 मई 2026 को रात 9:10 बजे बिलासपुर से छूटेगी। यह ट्रेन रात 11:30 बजे रायपुर और देर रात 12:30 बजे दुर्ग पहुंचेगी। इसके बाद गोंदिया, बल्लारशाह, विजयवाड़ा, काटपाडी और ईरोड होते हुए तीसरे दिन सुबह 9:45 बजे पोत्तनूर पहुंचेगी। सफर को आरामदायक बनाने के लिए इस ट्रेन में 16 स्लीपर और 2 सामान्य कोच सहित कुल 20 कोच की सुविधा दी गई है। इन स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत से कतार में खड़े वेटिंग लिस्ट के यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में आसानी होगी।
