सावन के पहले सोमवार दिल्ली-एनसीआर में बारिश मेहरबान, गर्मी से राहत के बीच येलो अलर्ट जारी

Follow Us

नई दिल्ली। भीषण गर्मी और उमस से परेशान दिल्ली-NCR के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सावन के पहले सोमवार को मौसम सुहावना रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 अगस्त को दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि बढ़ी हुई नमी के कारण उमस परेशान कर सकती है।

पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन के दौरान कई इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 5 से 8 अगस्त तक भी बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि, लगातार बादल और बारिश के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। हालांकि, लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।सावन के पहले सोमवार पर मौसम का यह बदलाव श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए राहत लेकर आ सकता है।