नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली पुलिस ने नोएडा पुलिस की ओर से दर्ज की गई जीरो एफआईआर पर आगे कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया है। इसके साथ ही मामले की जांच प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। यह मामला उस समय चर्चा में आया था, जब जंतर-मंतर पर सीजेपी के छात्र आंदोलन के दौरान नाबालिग लड़की का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करती नजर आई थी। वीडियो सामने आने के बाद लड़की ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की।
लड़की ने कहा कि, वह सिर्फ 15 साल की है और प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों के प्रभाव में आकर उसने ऐसी टिप्पणी कर दी थी। उसने देशवासियों से माफी मांगते हुए इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताया। मामले में पीएम मोदी ने भी नरम रुख अपनाते हुए बच्चों को माफ करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि, बच्चों को अदालतों के चक्कर में डालने के बजाय उन्हें सही दिशा दिखाने की जरूरत है। वहीं, नाबालिग की मां ने भी एफआईआर वापस लेने की अपील की थी। दिल्ली पुलिस के फैसले के बाद अब इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी।
