दोहा। कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित एक गैस प्लांट में हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। तकनीकी खराबी के कारण हुई इस घटना के बाद प्लांट में आग लग गई, जिसमें 54 लोग घायल हो गए, जबकि 18 लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
कतर के गृह मंत्रालय के अनुसार, घटना के बाद इंटरनल सिक्योरिटी फोर्स (लेखविया), सिविल डिफेंस और कतर इंटरनेशनल सर्च एंड रेस्क्यू टीम मिलकर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। लापता लोगों को खोजने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी की एक फैक्ट्री में ऑपरेशन के दौरान तकनीकी खराबी आई, जिसके बाद अंदर विस्फोट हुआ और आग फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही इमरजेंसी टीमों को मौके पर भेजा गया और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
ऊर्जा कंपनी QatarEnergy ने बताया कि, यह हादसा बरजान लोकल गैस सप्लाई फैसिलिटी में ऑपरेशन शुरू करने के दौरान हुआ था। कंपनी के अनुसार, आपातकालीन टीमों ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि, हादसे के बाद किसी भी तरह के गैस रिसाव से आम लोगों की सुरक्षा को खतरा नहीं है। फिलहाल घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और लापता लोगों को सुरक्षित खोजने के लिए अभियान जारी है।
