कोरबा में शराब दुकान शिफ्टिंग का विरोध, महिलाओं के प्रदर्शन में पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर भी शामिल

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रामपुर स्थित शराब दुकान को बरबसपुर मुख्य मार्ग पर शिफ्ट करने की तैयारी का स्थानीय महिलाओं ने जमकर विरोध किया। शुक्रवार को आबकारी विभाग की टीम निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्रित होकर धरना शुरू कर दिया और शराब दुकान खोले जाने का विरोध किया।

जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग रामपुर की शराब भट्टी को बरबसपुर मुख्य मार्ग पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया में जुटा था। इसी सिलसिले में विभागीय अधिकारी स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। टीम के पहुंचते ही आसपास की महिलाएं मौके पर जुट गईं और दुकान शिफ्टिंग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं के प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर भी मौके पर पहुंचे और आंदोलन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी गई, जिसके बाद तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रामपुर शराब भट्टी को हटाने को लेकर लंबे समय से विरोध जारी है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की ओर से पहले भी कई बार प्रदर्शन किए जा चुके हैं। लोगों ने शराब दुकान से जुड़े विवाद और असामाजिक गतिविधियों को लेकर भी चिंता जताई है।