o तीसरे दिन श्रीमद्भागवत कथा में प्रह्लाद चरित्र, समुद्र मंथन और वामन अवतार का संगीतमय वर्णन, भक्ति और धर्ममय हुआ माहौल
भाटापारा। धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर मातादेवालय वार्ड में आयोजित आठ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन श्रद्धालु भगवान विष्णु की लीलाओं और भक्त प्रह्लाद की अटूट आस्था के प्रसंगों में भावविभोर हो उठे। कथावाचक आचार्य भागवत भूषण पंडित मनोज दुबे ने प्रह्लाद चरित्र, समुद्र मंथन एवं भगवान वामन के अवतार का भावपूर्ण संगीतमय वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
पटेल परिवार द्वारा स्वर्गीय वेदप्रकाश पटेल की वार्षिक श्राद्ध एवं पूर्वजों की मोक्ष प्राप्ति के निमित्त आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में कथा के तीसरे दिवस प्रह्लाद चरित्र का वर्णन करते हुए आचार्य ने बताया कि हिरण्यकश्यप के अत्याचारों और तमाम प्रताड़नाओं के बावजूद बालक प्रह्लाद की भगवान विष्णु के प्रति भक्ति कभी विचलित नहीं हुई। पिता द्वारा अनेक प्रकार की यातनाएं दिए जाने पर भी प्रह्लाद ने हर परिस्थिति में नारायण का स्मरण नहीं छोड़ा। अंततः भक्त की पुकार पर भगवान विष्णु ने नरसिंह अवतार धारण कर अत्याचारी हिरण्यकश्यप का अंत किया। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने बताया कि सच्ची भक्ति में इतनी शक्ति होती है कि विपरीत से विपरीत परिस्थितियां भी भक्त की आस्था को डिगा नहीं सकतीं। अहंकार का अंत और धर्म की विजय निश्चित है।
भाटापारा आर पी एफ थाना का सहयोग और तत्परता सराहनीय -डॉ अयाज फ़ारूक़ी
इसके पश्चात समुद्र मंथन की कथा का विस्तार से वर्णन करते हुए उन्होंने देवताओं और असुरों द्वारा अमृत प्राप्ति के लिए किए गए समुद्र मंथन का प्रसंग सुनाया। मंदराचल पर्वत को मथानी और भगवान विष्णु के कूर्म अवतार को आधार बनाकर हुए मंथन से निकले हलाहल विष को भगवान शिव द्वारा ग्रहण करने, लक्ष्मीजी सहित चौदह रत्नों की प्राप्ति तथा अंत में भगवान धन्वंतरि के अमृत कलश के साथ प्रकट होने का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि समुद्र मंथन केवल पौराणिक घटना नहीं, बल्कि जीवन का भी संदेश है। संघर्ष और धैर्य के मंथन से ही अमृत रूपी सफलता प्राप्त होती है।
कथा के अगले प्रसंग में भगवान विष्णु के वामन अवतार का वर्णन करते हुए आचार्य ने बताया कि राजा बलि के अहंकार और साम्राज्य विस्तार के बीच भगवान ने वामन ब्राह्मण का रूप धारण कर उनसे तीन पग भूमि का दान मांगा। राजा बलि के संकल्प के बाद भगवान ने विराट स्वरूप धारण कर दो पग में समस्त लोकों को नाप लिया और तीसरे पग के लिए राजा बलि ने अपना शीश समर्पित कर दिया। यह प्रसंग दान, वचन पालन, समर्पण और ईश्वर की सर्वोच्च सत्ता का संदेश देता है। आचार्य पंडित मनोज दुबे ने कहा कि मनुष्य को जीवन में अहंकार, लोभ और अधर्म का त्याग कर सत्य, सेवा, सदाचार और ईश्वर भक्ति को अपनाना चाहिए। भागवत कथा का श्रवण तभी सार्थक है, जब उसके संदेशों को जीवन में उतारा जाए। कथा के दौरान भक्ति संगीत और भगवान की लीलाओं के भावपूर्ण वर्णन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
अगहन मास में करें इन चीजों का दान, भगवान कृष्ण की मिलेगी विशेष कृपा
