लखनऊ। लखनऊ अग्निकांड को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर तीखा हमला बोला।
अखिलेश यादव ने लखनऊ अग्निकांड में अपने बच्चे को खोने वाली एक मां के साथ कथित दुर्व्यवहार और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, ऐसी स्थिति में किसी संवेदनशील और सभ्य व्यवहार की उम्मीद करना मुश्किल है। सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में लिखा कि, सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति को अपने पद की गरिमा का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि, जिस मां ने अपना बच्चा खोया हो, उसके साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुखद है।
अखिलेश ने आगे कहा कि, उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर माफ कर दिया है, लेकिन जनता का रुख अलग हो सकता है। उन्होंने अपने संदेश के अंत में लिखा कि, ‘जनता इन्हें माफ करने के मूड में नहीं है’। इस बयान के बाद यूपी की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर फिर शुरू होने के संकेत हैं। हालांकि, अखिलेश के बयान में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार है। लखनऊ अग्निकांड पहले ही संवेदनशील मामला बना हुआ है और अब राजनीतिक बयानबाजी ने इसे और चर्चा में ला दिया है।
