रायपुर। राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान तेज हो गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोलते हुए कई सवाल उठाए। दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के नेता खुद को “चौकीदार” कहते हैं, लेकिन अगर वे चौकीदार हैं तो चोरी कैसे हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले पर भाजपा नेताओं की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी और भाजपा से जवाब मांगेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा के सोशल मीडिया पोस्ट का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 12 जुलाई को उन्हें “अपराधियों का अध्यक्ष” बताया था, लेकिन भाजपा को पहले अपने नेताओं पर लगे आरोपों का जवाब देना चाहिए। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि कोरिया में भाजपा नेता की हत्या के मामले, दुर्ग में अफीम की खेती और तिल्दा की दुष्कर्म जैसी घटनाओं में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने संगठन के भीतर के मामलों पर जवाब दे।
राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। इस मुद्दे पर प्रदेश की सियासत आने वाले दिनों में और गरमा सकती है।
