तमिलनाडु। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव परिणाम आए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार गठन को लेकर जारी सस्पेंस अब गंभीर तनाव में बदलता नजर आ रहा है। 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी TVK के नेता C. Joseph Vijay अभी तक मुख्यमंत्री पद की शपथ नहीं ले पाए हैं, जिससे उनके समर्थकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सूत्रों के अनुसार, सरकार गठन को लेकर चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच शनिवार को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह भी टाल दिया गया। विजय लगातार राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
इसी बीच राज्य में एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां विजय के एक 40 वर्षीय समर्थक इसक्कियप्पन ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे इस व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह सरकार गठन में हो रही देरी से बेहद आहत और भावनात्मक रूप से परेशान था। जानकारी के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है। कुछ महीने पहले भी इस समर्थक ने विजय के प्रति अपनी आस्था जताते हुए एक खतरनाक कदम उठाया था। उधर, राजनीतिक माहौल को देखते हुए तमिलिसाई सौंदराराजन ने TVK प्रमुख से अपील की है कि, वे अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने का संदेश दें। उन्होंने कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान किया जा रहा है और सरकार गठन की प्रक्रिया संवैधानिक ढंग से आगे बढ़ रही है।
