नई दिल्ली। भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की अटकलों के बीच सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर एक अहम उच्च स्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन महासचिव बीएल संतोष, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। करीब 4 घंटे चली इस बैठक में पार्टी की नई केंद्रीय टीम के पुनर्गठन और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार बैठक में उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर 2027 तक का राजनीतिक ब्लूप्रिंट तैयार किया गया। संगठन में वरिष्ठ और युवा नेताओं के संतुलन पर भी जोर दिया गया।

इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शीर्ष पदाधिकारियों की भूमिका और समन्वय पर भी विचार हुआ। बताया जा रहा है कि जल्द ही नई केंद्रीय टीम की घोषणा हो सकती है, जिसमें कई अहम बदलाव देखने को मिलेंगे। हालांकि, पार्टी की ओर से इस बैठक पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इसे आगामी चुनावों की बड़ी तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
