मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, कॉन्स्टेबल गणेश रयाते सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। 7 अगस्त की शाम करीब 6 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल भाभा अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। गणेश रयाते मुंबई पुलिस की LA-4 यूनिट में तैनात थे। पुलिस सेवा में आने से पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे और रिटायरमेंट के बाद मुंबई पुलिस में शामिल हुए थे।
बता दें कि सलमान खान की सुरक्षा पिछले कुछ समय से काफी बढ़ाई गई है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित धमकियों के बाद अभिनेता को महाराष्ट्र सरकार की ओर से Y+ सुरक्षा मिली हुई है। अप्रैल 2024 में बांद्रा स्थित उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर बाइक सवार दो लोगों ने कई राउंड फायरिंग भी की थी। जांच में पुलिस ने इस घटना को अभिनेता को डराने की साजिश बताया था और मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का नाम सामने आया था। सलमान खान को काले हिरण शिकार मामले को लेकर भी लंबे समय से धमकियां मिलती रही हैं। फिलहाल ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी की मौत की घटना से सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों के बीच भी शोक का माहौल है।
