चेन्नई। तमिलनाडु के चेन्नई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कुछ परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी मौजूद रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने जनसभा को भी संबोधित किया।
पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?:
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन तमिलनाडु के लिए ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज से नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो रहा है। उन्होंने तमिलनाडु को शिव और शक्ति की भूमि बताते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने से पहले उन्हें जलकंडेश्वर मंदिर में भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। प्रधानमंत्री ने इस तीर्थभूमि से देशवासियों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं में कई ऐसी हैं, जो पूरी हो चुकी हैं और जिनका उद्घाटन किया जा रहा है। वहीं, कुछ नई परियोजनाओं की नींव रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से लोगों का रोजाना सफर आसान होगा। साथ ही, उद्योग और व्यापार को भी मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से मिलकर तमिलनाडु के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने विकास परियोजनाओं को राज्य में आवागमन, उद्योग, व्यापार और रोजगार से जोड़कर बताया।
भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता है। 2014 के बाद से देश का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 11 गुना बढ़ा है, जबकि रक्षा निर्यात में 50 गुना वृद्धि हुई है। इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है। विनिर्माण क्षेत्र में इस वृद्धि से देश के युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। आज देश में बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है, जिससे जहाजरानी क्षेत्र नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके।
‘मैं हमेशा राज्य के विकास से देश के विकास का मंत्र लेकर चला’:
पीएम मोदी ने आगे कहा कि कुछ दिन पहले ही आप सभी के आशीर्वाद से, देशवासियों के प्रेम के कारण सरकार प्रमुख के रूप में मैंने 25 वर्षों का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया है। मैं हमेशा राज्य के विकास से देश के विकास का मंत्र लेकर चला।
शहरीकरण कोई चुनौती नहीं, बल्कि एक अवसर है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि शहरी विकास हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि शहरीकरण कोई चुनौती नहीं, बल्कि एक अवसर है। इस अवसर को साकार करने में सार्वजनिक परिवहन की अहम भूमिका है। बेहतर सार्वजनिक परिवहन से लोगों का जीवन आसान होता है।
उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केवल सड़कों को चौड़ा करना काफी नहीं है। आधुनिक शहरों के लिए हर तरह के बुनियादी ढांचे का विकास जरूरी है। इसी सोच के साथ हमने पिछले एक दशक में देशभर में मेट्रो कनेक्टिविटी का विस्तार करने पर ध्यान दिया है। 2014 में देश के केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवाएं उपलब्ध थीं। आज देश के 25 शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में मैंने राज्यों की एक्सपेक्टेशन को समझा, इसलिए प्रधानमंत्री बनने के बाद मैंने न सिर्फ उस एस्पिरेशन को पूरा करने का प्रयास किया, बल्कि कोशिश भी की कि हर राज्य अपने एस्पिरेशन्स गोल को पूरा कर सके।
