भांसी/किरंदुल। एनएमडीसी औद्योगिक क्षेत्र में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत भांसी पुलिस ने करीब 4 टन लोहे के कबाड़ से भरी एक लावारिस पिकअप वाहन को जब्त किया है। बरामद कबाड़ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार खूँटे और एसडीओपी अविनाश ठाकुर के निर्देशन में 23 अगस्त को निरीक्षक निर्मल वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम एमसीपी चेकिंग एवं फोरेस्ट/खनिज जांच नाका भांसी की ओर रवाना हुई थी।
इसी दौरान आईडीआई मेन रोड, भांसी बाजारपारा के पास दो ट्रकों के बीच सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक CG-18-C-6590 लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने वाहन की जांच की तो तिरपाल के नीचे बड़ी मात्रा में लोहे का कबाड़ भरा हुआ था। वजन करने पर इसकी मात्रा करीब 4 टन पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि वाहन बचेली की ओर से आया था। वाहन से जुड़े लोग उसे मौके पर छोड़कर खाना खाने की बात कहते हुए पैदल भांसी-किरंदुल की दिशा में चले गए थे।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर कबाड़ समेत पिकअप को जब्त कर थाना भांसी में सुरक्षित रखवा दिया। अब पुलिस वाहन के मालिक, कबाड़ के स्रोत और मामले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को एनएमडीसी क्षेत्र में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
