रायपुर। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बुधवार को शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने या सप्लाई समय पर नहीं पहुंचने के कारण बिक्री बंद करनी पड़ी, जिससे अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, एचपी और इंडियन ऑयल के करीब एक दर्जन पेट्रोल पंपों पर शाम तक ईंधन उपलब्ध नहीं था। जैसे ही पंप बंद होने की खबर फैली, लोग बड़ी संख्या में खुले पेट्रोल पंपों की ओर पहुंचने लगे। देर रात तक कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

सरोना, भाठागांव, विधानसभा रोड, देवेन्द्र नगर और जयस्तंभ चौक जैसे इलाकों में स्थिति ज्यादा गंभीर नजर आई। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि, दाम बढ़ने की संभावना के चलते कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने जानबूझकर बिक्री रोक दी। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि कृत्रिम संकट पैदा कर आम लोगों को परेशान किया जा रहा है। वहीं पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने सफाई देते हुए कहा कि, सप्लाई प्रभावित होने के पीछे भुगतान और लॉजिस्टिक से जुड़ी दिक्कतें भी एक बड़ा कारण हो सकती हैं। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और जल्द सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।
